निळू फ़ुले : मराठी फ़िल्मों के “प्राण”…
Marathi Film Industry Nilu Fule
हिन्दी फ़िल्मों में जो स्थान प्राण साहब का है, लगभग वही स्थान मराठी सिनेमा में निळू फ़ुले साहब का है। प्राण साहब अपने-आप में एक “लीजेण्ड” हैं, एक आँख छोटी करके, शब्दों को चबा-चबाकर बोलने और “विलेन” नामक पात्र को उस ऊँचाई पर पहुँचाना जहाँ “हीरो” भी छोटा दिखाई देने लगे, और जिस प्रकार से पूरी फ़िल्म पर वे हावी हो जाते हैं, ठीक उसी प्रकार निळू फ़ुले साहब का नाम मराठी फ़िल्म इंडस्ट्री में बहुत सम्मान के साथ लिया जाता है। एक क्रूर, कपटी, धूर्त, धोखेबाज, शोषक जमींदार, चालाक मुनीम आदि की भारतीय फ़िल्मों के जाने-पहचाने रोल निळू फ़ुले जी ने बेहतरीन अन्दाज में प्रस्तुत किये हैं। मराठी फ़िल्मों में निळू फ़ुले का पहनावा अर्थात “टिपिकल” ग्रामीण मराठी “सफ़ेद टोपी, काली जैकेट, और धोती”, लेकिन चेहरे पर चिपकाई हुई धूर्त मुस्कराहट और संवाद-अदायगी का विशेष अन्दाज दर्शकों के दिलोदिमाग पर छा जाता है। उनकी आवाज भी कुछ विशेष प्रकार की है, जिसके कारण जब वे अपने खास स्टाइल में “च्या मा...यला” (माँ की गाली का शॉर्ट फ़ॉर्म) बोलते हैं तो महिलाओं के दिल में कँपकपी पैदा कर देते हैं।
(प्रस्तुत चित्र एक कलाकार द्वारा तैयार किया गया कैरीकैचरनुमा चित्र है, जबकि उनके अभिनय की झलक देखने के लिये लेख में नीचे एक वीडियो क्लिप दिया गया है)
मराठी फ़िल्मोद्योग के अधिकतर कलाकार चूँकि नाटकों की पृष्ठभूमि से आये हुए होते हैं, इसलिये निर्देशक को उनके साथ अपेक्षाकृत कम मेहनत करनी पड़ती है। (मराठी में नाट्य परम्परा कितनी महान, विस्तृत, समृद्ध और सतत चलायमान है यह हिन्दी पाठकों को अलग से बताने की आवश्यकता नहीं है, फ़िर भी जो लोग नहीं जानते उनके लिये बता दूँ कि आज टीवी, फ़िल्मों और धारावाहिकों के जमाने में भी कई मराठी नाटक हाउसफ़ुल जाते हैं, किसी प्रसिद्ध मराठी नाटक के 2000-3000 शो हो जाना मामूली बात है प्रशान्त दामले जैसे कलाकार एक ही दिन में अलग-अलग नाटकों के चार शो भी कर डालते हैं, बगैर एक भी डायलॉग भूले…)
शुरुआत में निळू फ़ुले ने गाँव में एक आर्ट ग्रुप के साथ जुड़कर कई स्थानीय और ग्रामीण नाटकों में काम किया। कुछ वर्षों बाद उन्होंने नाटक को “प्रोफ़ेशन” के तौर पर अपनाया और एक लोकनाटक “कथा अक्लेच्या कांड्याची” में काम किया। यह नाटक बेहद प्रसिद्ध हुआ। इसके पहले भाग के 2000 शो हुए इसी नाटक के दूसरे भाग के दौरान निर्देशक अनन्तराव माने की निगाह उन पर पड़ी और उन्होंने निळू फ़ुले को मराठी फ़िल्मों में काम करने की सलाह दी फ़ुले की पहली फ़िल्म थी “एक गाव बारा भानगडी” (एक गाँव और बारह लफ़ड़े), यह फ़िल्म सुपरहिट रही, और फ़िर निळू फ़ुले ने पीछे मुड़कर नहीं देखा उसी वर्ष उन्हें लगातार सात हिट फ़िल्में भी मिलीं उनका कहना है कि “प्रत्येक कलाकार को अपने रोल के साथ हमेशा पूरा न्याय करने की कोशिश करना चाहिये, भले ही मैं अपने जीवन में एकदम सीधा-सादा हूँ, लेकिन परदे पर मुझे हमेशा बुरा आदमी ही बताया गया है, लेकिन यह तो काम है और मुझे खुशी है कि मैंने अपना काम इतनी बेहतरीन तरीके से किया है कि आज भी जब मैं समाजसेवा के लिये अन्दरूनी गाँवों में जाता हूँ तो ग्रामीणों के दिमाग में मेरी छवि इतनी गहरी है कि वहाँ की स्कूल शिक्षिकायें, नर्सें और आम गृहिणियाँ आज भी मुझसे दूरी बनाकर रखती हैं, वे लोग अब भी यह सोचते हैं कि जरूर यह कोई शोषण करने या बुरी नजर रखने वाला व्यक्ति है, लेकिन इसे मैं अपनी सफ़लता मानता हूँ…” हालांकि समय-समय पर मराठी में उन्होंने चरित्र भूमिकायें भी की हैं, क्या आपको फ़िल्म “प्रेम प्रतिज्ञा” याद है, जिसमें माधुरी दीक्षित के हाथठेला चलाने वाले दारूबाज पिता की भूमिका में निळू फ़ुले साहब थे
लगभग प्रत्येक मराठी अभिनेता की तरह उनकी पहली पसन्द आज भी नाटक ही हैं, उनका कहना है कि “जो मजा नाटकों में काम करने में आता है, वह फ़िल्मों में कहाँ…हर अभिनेता को नाटक करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी होती है, क्योंकि आपके एक-एक संवाद पर तत्काल सामने से तारीफ़ या हूटिंग की सम्भावना होती है, और वहीं अच्छे अभिनेता की असली परीक्षा होती है…” निळू फ़ुले आज के आधुनिक मराठी नाटकों और युवा निर्देशकों से प्रभावित हैं, उनकी खुद के अभिनय की पसन्दीदा फ़िल्में हैं – सामना, सिंहासन, चोरीचा मामला, शापित, पुढ़चे पाऊल आदि, जबकि नाटकों में उन्हें “सूर्यास्त” और जाहिर है उनका पहला नाटक “कथा अकलेच्या कांड्याची” पसन्द हैं डॉ. श्रीराम लागू के साथ मराठी नाटकों में उनकी जोड़ी बेहतरीन जमती थी, जिनमें उल्लेखनीय हैं फ़िल्म “पिंजरा” और नाटक “सूर्यास्त”, जिसमें दर्शकों ने उन्हें बेहद पसन्द किया
यहाँ प्रस्तुत है एक फ़िल्म की छोटी सी क्लिप जिसमें पाठक उनके “खाँटी विलेन” के रूप के दर्शन कर पायेंगे… हिन्दी दर्शकों को शायद कुछ संवाद समझ में न आयें उनके लिये बताना उचित होगा कि प्रस्तुत दृश्य में निळू फ़ुले अपने पोते को छुड़वाने के लिये पुलिस थाने जाकर अपने खास अन्दाज में “पुलिस” को धमकाते हैं, कोई चिल्लाचोट नहीं, खामख्वाह के चेहरे बिगाड़ने का अभिनय नहीं, लेकिन अपनी विशिष्ट आवाज और खास संवाद अदायगी से वह पूरा सीन लूट ले जाते हैं… सीन है मराठी फ़िल्म “सात च्या आत घरात” का और इसमें उनके अभिनय के जलवे देखने लायक हैं…
आप सोच रहे होंगे कि इतने सशक्त अभिनेता और बेहद सादगीपसन्द इन्सान आजकल आखिर क्या कर रहे हैं? मराठी फ़िल्मों में चालीस वर्ष गुजारने और लगभग 140 मराठी और 12 हिन्दी फ़िल्मों में काम करने के बाद निळू फ़ुले आजकल समाजसेवा के साथ सेवानिवृत्ति का जीवन जी रहे हैं। “अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति” के साथ गाँव-गाँव का दौरा करके वे ग्रामीणों को अँधविश्वास से दूर करने, जादू-टोने, तंत्र-मंत्र, झाड़-फ़ूँक आदि के बारे में शिक्षित और जागरूक करने के प्रयास में लगे रहते हैं अपने सहयोग और प्रभाव से उन्होंने एक कोष एकत्रित किया है, जिसके द्वारा संघर्षरत युवा नाटक कलाकारों की आर्थिक मदद भी वे करते हैं मराठी लोकनृत्य “तमाशा” और “लावणी” को राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, लोकप्रिय बनाने और उसे सरकार के स्तर पर हर तरह की मदद दिलवाने के लिये निळू फ़ुले हमेशा प्रयासरत रहते हैं बागवानी, पुस्तकें पढ़ना, अच्छी फ़िल्में देखना आदि शौक वे अब पूरे करते हैं अभिनय का यह तूफ़ानी चेहरा भले ही अब चकाचौंध से दूर हो गया हो, लेकिन उनकी स्टाईल का प्रभाव लोगों के दिलोदिमाग पर हमेशा रहेगा
उन्हें महाराष्ट्र सरकार की ओर से लगातार सन 1972, 1973 और 1974 में सर्वश्रेष्ठ कलाकार के रूप में सम्मानित किया गया था “साहित्य संगीत समिति” का राष्ट्रीय पुरस्कार भी राष्ट्रपति के हाथों ग्रहण कर चुके हैं और नाटक “सूर्यास्त” के लिये उन्हें “नाट्यदर्पण” का अवार्ड भी मिल चुका है ऐसे महान कलाकार, एक बेहद नम्र इन्सान, और समाजसेवी को मेरा सलाम…
Nilu Fule, Neelu Fule, Nilu Phule, Marathi Film Industry, Marathi Films, Marathi Drama, Villain, Hindi films villain, Pran, Social work by film stars, Living Legend in Marathi Films, Dr. Shriram Lagu, Pinjara, Simhasan, निळु फ़ुले, नीलू फ़ुले, मराठी फ़िल्में, मराठी नाटक, प्राण, मराठी खलनायक, हिन्दी फ़िल्म खलनायक, प्रसिद्ध विलेन, पिंजरा, सिंहासन, डॉ श्रीराम लागू












2 comments:
जागृती के बारे में निळू फुले कहते है " मै तो सिर्फ ढोलकियां बजाने मे आता हू। काम तो आप लोग कर रहे है।" लेकिन ये उनका विनय है। जब सामाजिक कृतग्यता निधि के लिए नाटक करने बाहर दौरे पर जब जाते थे तब वे बोलते थे कि जो रुम पर बहुत असुविधा है वो रुम मुझे दे दो । क्यों कि बाकि कई लोग सुविधा के लिए संवेद्नशील थे।
निळू फुले के बारे में जानकारी अच्छी लगी। धन्यवाद।
Post a Comment